नौतपा: 44 जिलों पर लू का अलर्ट

Heat wave alert in 44 districts
Heat wave alert in 44 districts

भोपाल। मध्यप्रदेश में नौतपा की शुरुआत के साथ ही भीषण गर्मी का दौर तेज हो गया है। नौतपा की शुरुआत आज से हो रही है, जो 2 जून तक चलेंगे। मौसम विभाग ने 25 से 28 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तीखी लू चलने की चेतावनी जारी की है। आज प्रदेश के 44 जिलों में हीटवेव का असर रहेगा, जबकि बुंदेलखंड के पांच जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर बताए गए हैं।

निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में दिन के समय गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर सकती हैं। Heat wave मौसम विभाग के मुताबिक, नौतपा के शुरुआती चार दिन प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। राजधानी भोपाल, ग्वालियर और उज्जैन संभाग में भी गर्मी अपने तीखे तेवर दिखाएगी। कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। दोपहर के समय सडक़ों पर लू के थपेड़े महसूस होंगे। रविवार को ही प्रदेश में भीषण गर्मी का असर दिखाई दिया। खजुराहो और नौगांव सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में पारा 45 डिग्री तक पहुंच गया। टीकमगढ़ और शाजापुर में 44 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि दमोह, सागर और सतना में तापमान 44.2 डिग्री रहा।