तेंदुए का आतंक: मुंडलाबाग, सुलाखेड़ी के बाद सिलौटिया में दिखा
हफ्तेभर पहले किसान पर कर चुका है हमला, जानकारी मिलते ही वन विभाग का अमला हुआ सक्रिय

इंदौर। शहर से सटे ग्रामीण इलाकों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी अब दहशत में बदलती जा रही है। मुंडलाबाग, सुलाखेड़ी और कदवाली में दिखने के बाद गुरुवार सुबह सिलौटिया गांव में भी तेंदुआ नजर आने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ही तेंदुआ अलग-अलग गांवों में घूम रहा है।
ग्रामीण महेंद्र सिंह ने बताया की गुरुवार सुबह खेतों की ओर गए लोगों ने तेंदुए को देखा, जिसके बाद गांव में हडक़ंप मच गया। सूचना तेजी से फैलते ही लोगों ने बच्चों और महिलाओं को घरों के अंदर रहने की सलाह दी। कई जगह लोग समूह में ही खेतों की ओर जा रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह सुलाखेड़ी क्षेत्र में तेंदुए ने एक किसान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। किसान सुबह अपने खेत में गुलाब के फूल तोड़ रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने उस पर झपट्टा मार दिया। हमले में किसान के हाथ और चेहरे पर गहरे घाव आए। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ भाग निकला। घायल किसान को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस घटना के बाद से ही क्षेत्र के गांवों में दहशत बनी हुई है, और अब लगातार नए गांवों में तेंदुए के दिखने से डर और बढ़ गया है। वन विभाग को सूचना दे दी गई है। विभाग की टीम इलाके में सर्चिंग कर रही है और तेंदुए की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और सतर्क रहें।
विशेषज्ञों का मानना है कि जंगलों के सिकुड़ते दायरे और शहरी विस्तार के चलते तेंदुए अब आबादी वाले इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं।
source – dainik dopahar
