महिलाएं खुद को और अधिक सशक्त बना सकती हैं- लीसा रे

Lisa Ray

Women can empower themselves more – Lisa Ray
Women can empower themselves more – Lisa Ray

एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए अभिनेत्री लीसा रे ने स्पष्ट किया कि मिडलाइफ को कमजोरी या ठहराव के दौर के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि यह जीवन का ऐसा चरण है, जहां महिलाएं खुद को और अधिक सशक्त बना सकती हैं। अभिनेत्री ने मिडलाइफ और महिलाओं के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य पर खुलकर अपने विचार साझा किए हैं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के साथ उन्होंने बताया कि यह वीडियो साल 2026 की शुरुआत में रिकॉर्ड किया गया था। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब वह मिडलाइफ महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े एक प्लेटफॉर्म से जुड़ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं उन्हें फॉलो कर रही हैं, ऐसे में यह जरूरी है कि इस उम्र को लेकर सही सोच विकसित की जाए।

लीसा रे ने अपने पोस्ट में लिखा कि मिडलाइफ का मतलब धीमा पड़ना नहीं है, बल्कि यह समय आगे बढ़ने और खुद को बेहतर बनाने का होता है। उन्होंने कहा कि अक्सर महिलाएं यह सोचती हैं कि हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (एचआरटी) लेना चाहिए या नहीं, लेकिन उनके अनुसार असली सवाल यह नहीं है। असली बात यह है कि इस नए जीवन चरण में खुद को स्वस्थ, ऊर्जावान और आत्मविश्वास से भरपूर कैसे रखा जाए। उन्होंने यह भी माना कि हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी कई मामलों में मददगार साबित हो सकती है और जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकती है, लेकिन मिडलाइफ को सिर्फ दवाओं तक सीमित नहीं किया जा सकता। उन्होंने इसे एक व्यापक प्रक्रिया बताया, जिसमें शरीर और मन दोनों की जिम्मेदारी खुद उठानी होती है।

लीसा ने महिलाओं को व्यावहारिक सुझाव देते हुए कहा कि इस उम्र में वेट ट्रेनिंग को अपनी दिनचर्या का जरूरी हिस्सा बनाना चाहिए। इसके साथ ही पर्याप्त प्रोटीन और नींद को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। उन्होंने नर्वस सिस्टम की देखभाल पर भी जोर दिया और कहा कि यह काम नियमित रूप से होना चाहिए, न कि कभी-कभी। अभिनेत्री ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब वे अपनी सेहत का केवल ध्यान न रखें, बल्कि उसकी कमान अपने हाथ में लें। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे आराम, खुशी और अपनी ताकत के लिए किसी से माफी न मांगें और खुद को कमतर आंकने की बजाय आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। अपने संदेश के अंत में लीसा रे ने कहा कि मिडलाइफ किसी गिरावट की शुरुआत नहीं है, बल्कि यह अपने जीवन के “ऑपरेटिंग सिस्टम” को अपग्रेड करने का समय है।

Source – ems