कैमरे से जनरेट हो रहे रोज दो हजार चालान

इंदौर। ट्रेफिक नियमों का उल्लंघन करने से वाहन चालक बाज नहीं आ रहे हैं। तमाम समझाइश और जागरूक करने के बाद भी दोपहिया वाहन चालक न तो हेलमेट लगा रहे और न ग्रीन सिग्नल होने का इंतजार कर रहा। स्थिति यह बन गई है कि रोजाना शहर में दो हजार के आसपास वाहन चालकों के चालान जनरेट हो रहे हैं।
अधिकांश चालान इंटीग्रेटेड ट्रेफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) से बनाकर वाहन चालकों को मैसेज के जरिए भेजे जा रहे हैं। ट्रेफिक पुलिस ने 13 प्रमुख चौराहों पर आईटीएमएस लगाए हैं। इस सिस्टम से आटोमैटिक चालान जनरेट होकर वाहन चालक को भेजे जा रहे हैं। सिस्टम पर कंट्रोल रुम से निगरानी रखी जाती है।
सिस्टम में चालान के साथ चौराहा पर ट्रेफिक अधिक होने पर सिग्नल टाइम भी घट-बढ़ जाता है। सर्वाधिक सिस्टम एबी रोड पर लगाए गए हैं। एबी रोड पर अन्य मार्गों की अपेक्षा ट्रेफिक का दबाव अधिक रहता है, इसलिए सिस्टम लगातार काम करता है। चालानी कार्रवाई से ट्रेफिक पुलिस के खजाने में रोजाना हजारों रुपए शुल्क के रुप में आ रहे हैं।
