नर्सिंह मंदिर इंदौर में भगवान श्री राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा समारोह का तीन दिवसीय भव्य समारोह सम्पन्न

(संजय मेहता द्वारा)

… और प्रभु झोपड़ी में पधार गए । भगवान श्री राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा समारोह का तीन दिवसीय भव्य समारोह संपन्न वर्षों से अभिलाषा थी अपने अति प्राचीन सिद्धस्थान नृसिंह मंदिर के गर्भ गृह में विराजित प्रभु श्रीराम दरबार की प्रतिमाएँ खंडित हो गई हैं उनकी पुर्नस्थापना करनी है । पूरे समाज ने एक स्वर से निश्चित किया नवीन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा धूमधाम से की जाए । प्रभु ने आज्ञा की,देव योग बने और श्री राम दरबार के विग्रह की स्थापना का ऐतिहासिक दुर्लभ अवसर आया, समाज में हर्ष की लहर व्याप्त हुई।अत्यंत धार्मिक,आनंदमय एवं उत्साह के वातावरण में वेद ऋचाओं के उच्चारण के साथ देवताओं का आव्हान करते हुए श्रीजांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भगवान श्री राम दरबार विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ नृसिंह मंदिर परिसर छत्रीबाग में हुआ । प्रथम दिवस प्रातः मंदिर परिसर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई पश्चात ११ विद्वान पंडितों द्वारा प्राण प्रतिष्ठा की विभिन्न विधि ,पूजा हवन आदि क्रियाएँ संपन्न हुई और कार्तिक मास, शुक्ल पक्ष, पंचमी तिथि, ज्येष्ठा नक्षत्र ,रविवार २६ अक्टूबर २०२५ की मंगलमयी बेला में प्रभु गर्भ गृह में विराजित हुए । अत्यंत भाव विभोर वातावरण, भक्तों के नेत्रों से आनंदमयी अश्रु धारा और जयघोष- मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएँगे राम आएँगे । अपने जीवन काल में ऐसा आयोजन बड़े भाग्य से आता है प्रभु के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के हम साक्षी बनते हैं । प्रभु की मंगल आरती , नेग चारी एवं वारनी हुई।प्रभु की नज़र उतारी गयी।मनमोहक नूतन पोशाख में श्रृंगारित प्रभु की छबि देख हर्ष छा गया । प्रभु के प्रथम दर्शन की चाह में उत्साह अपने चरम पर था । अन्नकूट महामहोत्सव के साथ यह अविस्मरणीय ऐतिहासिक कार्यक्रम संपन्न हुआ ।जीवन धन्य हुआ ।