वैवाहिक संस्कार और पर्यावरण चेतना का संगम, जांगड़ा पोरवाल समाज का 15वां युवक-युवती परिचय सम्मेलन सम्पन्न
400 से अधिक प्रतिभागियों ने की सहभागिता

मंदसौर। सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्यों और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ जांगड़ा पोरवाल समाज का 15वां युवक-युवती परिचय सम्मेलन रविवार को लॉ कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ। सम्मेलन में समाज के 400 से अधिक युवक-युवतियों ने सहभागिता कर वैवाहिक परिचय प्रस्तुत किए। सुव्यवस्थित आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चना एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। गणेश वंदना रेखा उदिया, निधि गुप्ता, विद्या गुप्ता, ममता मोदी और ज्योति काला ने प्रस्तुत की। स्वागत गीत कुसुम सेठिया, कविता सेठिया, शांति फरक्या, सुधा फरक्या, ममता रत्नावत और रानी रत्नावत द्वारा प्रस्तुत किया गया। सम्मेलन में समाज के वरिष्ठजनों और अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जांगड़ा पोरवाल समाज न्यास अध्यक्ष रमेशचंद्र सेठिया ने अपने उद्बोधन में ऐसे आयोजनों को समाज की एकता, पारदर्शिता और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए उपयोगी बताया।

सर्वाधिक पंजीयन कराने वाले प्रभारी जगदीश काला, कमल गुप्ता, संजय डपकरा और लोकेंद्र सर्राफ का पगड़ी एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के 80 पंजीयन प्रभारियों को भी सम्मानित किया गया। पुरस्कार सीए अशोक रत्नावत, एडवोकेट पंकज वेद, जगदीश सेठिया और सुनील धनोतिया की ओर से प्रदान किए गए। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसे माला-रहित और डिस्पोजल-मुक्त रखा गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का स्पष्ट संदेश दिया गया। विशेष सहयोग के लिए शांति दिनेश फरक्या, अमन फरक्या और व्याख्याता अशोक धनोतिया का सम्मान किया गया। सम्मेलन का संचालन समाज प्रवक्ता दिलीप सेठिया ने किया।