धुलेंडी की धूम, सुबह से ही लोग रंगों में होंगे सराबोर

holi in indore

इन्दौर। इस बार होली पर्व पर चंद्र ग्रहण और सूतक के चलते धुलेंडी एक दिन बाद मनाई जा रही है। कल शाम से देर रात तक होलिका दहन किया गया और लोगों ने विधि विधान के साथ होलिका दहन किया। आज सुबह से सूतक व चंद्र ग्रहण के कारण रंग गुलाल का पर्व धुलेंडी नहीं मनाया जा रहा है। बुधवार को सुबह से ही पूरा शहर रंगों में सराबोर होगा और लोग होली का आनंद लेंगे। पुलिस प्रशासन भी इस दौरान अलर्ट रहेगा और हुड़दंगियों को पकडऩे के लिए ड्रेान केमरे से नजर रखी जाएगी। सभी चौराहों पर पुलिस बल आ से ही तैनात है।
हर बार धुलेंडी पर्व पर शहर में असामाजिक तत्वों द्वारा हुडदंग की जाती है और अप्रिय घटनाएं हो जाती हैं। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सभी थानों को अलर्ट किया है और आज सुबह से ही जवान और अधिकारी अपने अपने क्षेत्र मेें मार्च कर रहे हैं। कल सुबह से ही लोग रंगों में सराबोर होंगे और गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की बधाई देंगे। इसी के साथ घरों में मीठे नमकीन पकवान भी बनेंगे। कलेक्टर शिवम वर्मा ने भी सभी एसडीएम को उनके क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिये हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी सुबह से ही मैदान में रहेंगे। इधर नगर निगम ने भी सफाई को लेकर तैयारी कर ली है। कचरा उठाने के लिए सभी झोन के अलावा मुख्यालय व वर्कशॉप के अधिकारियों को सभी संसाधनों के साथ दोपहर से ही मैदान में उतरने के निर्देश आयुक्त क्षितिज सिंघल ने दिये हैं।