सांवेर विधानसभा की सभी निर्माणाधीन सड़कों और पुल-पुलियाओं का निर्माण बारिश के पूर्व करें – मंत्री श्री सिलावट

इंदौर
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज निज निवास में एमपीआरडीसी, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, पीएमजीएसवाय विभाग के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। मंत्री श्री सिलावट ने समीक्षा बैठक के दौरान एमपीआरडीसी के महाप्रबंधक गगन को इन्दौर-सांवेर-उज्जैन 44 किलोमीटर की निर्माणाधीन 40 प्रतिशत सड़क को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये और कहा कि सांवेर की निर्माणाधीन 4 पुलियाओं और सर्विस लेन का निर्माण बरसात के पूर्व कर चालू कराये। उन्होंने इन्दौर-उज्जैन ग्रीन फील्ड कोरिडोर 48 किलोमीटर की बनने वाली सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये।
मंत्री श्री सिलावट ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रवीण यादव को अर्जुन बरोदा और झलारिया फ्लायओवर ब्रिज अंडरपास के निर्माण कार्य को लेकर असंतोष व्यक्त कर कहा कि दोनों मार्गों की सर्विस रोड में बडे़-बडे़ गड्डे होने से इस मार्ग से गुजरने वाले सैकड़ों लोगों को प्रतिदिन कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, और कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे है और अभी भी लम्बे जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है, उन्होंने प्रोजेक्ट अधिकारियों को निर्देश दिये कि सर्विस रोड सहित अन्य निर्माण कार्यों की गति बढ़ाये और अप्रैल माह के अंत तक यह कार्य समाप्त कर इसका लोकार्पण कराये।
मंत्री श्री सिलावट ने पीडब्ल्यू और पीएमजीएसवाय के अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों में तेजी लाकर उनका शीघ्र लोकापर्ण कराने के निर्देश दिये और कहा कि जिन सडकों की निविदा कार्यवाही हो चुकी है उनका भूमिपूजन कर बरसात के पूर्व उनका निर्माण पूर्ण करें। मंत्री श्री सिलावट ने बजट 2026 फरवरी में स्वीकृत सड़कों की डीपीआर तुरंत भोपाल मुख्यालय भेजने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता श्री सी.एस. खरत, कार्यपालन यंत्री श्री एस.एन. सोनी, सुश्री शिवानी अकोदिया, श्री टी.के. जैन, श्री गोरे सोलंकी, एमपीआरडीसी महाप्रबंधक श्री गगन, कार्यपालन यंत्री श्री प्रतीक शर्मा, एनएचएआई प्रोजेक्ट डायरेक्टर श्री प्रवीण यादव, श्री राहुल सिंह, प्रधानमंत्री श्री ग्रामीण सड़क विभाग के महाप्रबंधक श्री लोकेन्द्र मंडलोई, श्री नितेश कमल, मंडल अध्यक्ष श्री रवि वाजपेई और श्री मुकेश पटेल उपस्थित रहे।
source – mpinfo
