गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक जल्द चलेगी मेट्रो

इंदौर। मेट्रो परियोजना को लेकर एक बड़ी प्रगति सामने आई है। इंदौर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कुल 11.26 किलोमीटर मेट्रो ट्रैक का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि शहर के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
पिछले वर्ष मेट्रो के 5.69 किलोमीटर लंबे हिस्से पर ट्रेन संचालन की शुरुआत की गई थी, जिसे ट्रायल और सीमित संचालन के रूप में देखा गया। इस चरण में मिले सकारात्मक परिणामों के बाद अब मेट्रो कॉरपोरेशन रेडिसन चौराहा से गांधी नगर तक मेट्रो ट्रेन चलाने की तैयारी में जुट गया है। यह विस्तार शहर के प्रमुख इलाकों को जोडऩे में अहम भूमिका निभाएगा और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगा।
मेट्रो परियोजना के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने बताया कि कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी से इस रूट के लिए क्लीयरेंस पहले ही प्राप्त हो चुका है। अब अंतिम निर्णय राज्य शासन के स्तर पर लिया जाना बाकी है कि इस विस्तारित रूट पर नियमित रूप से मेट्रो ट्रेन का संचालन कब शुरू किया जाएगा।
Also Read- Indore: 1 अप्रैल से 300 प्रतिशत तक बढ़ेगी गाइडलाइन!
अधिकारियों के अनुसार, सभी तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मानकों को पूरा कर लिया गया है। स्टेशन, ट्रैक, सिग्नलिंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को संचालन के लिए तैयार रखा गया है। जैसे ही शासन से हरी झंडी मिलेगी, यात्रियों के लिए यह सेवा शुरू कर दी जाएगी।
इंदौर में मेट्रो सेवा शुरू होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों को एक आधुनिक एवं विश्वस्तरीय परिवहन प्रणाली का लाभ मिलेगा। आने वाले समय में इस परियोजना के अन्य चरण भी तेजी से पूरे किए जाने की योजना है, जिससे पूरे शहर को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जा सके।
