चेतावनी के बाद भी अग्नि सुरक्षा के प्रबंध नहीं करने वालों के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई

जूनी इंदौर एवं मल्हारगंज क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रतिष्ठानों को किया सील

इंदौर अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने हेतु कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में आज जूनी इंदौर एवं मल्हारगंज अनुभाग क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक कार्रवाई की गई। विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
जूनी इंदौर अनुभाग में एसडीएम श्री घनश्याम धनगर के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस एवं नगर निगम के संयुक्त दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भंवरकुआँ स्थित मारुति सुजुकी एरिना शोरूम, सुकून सिग्नेचर होटल, भोलाराम उस्ताद मार्ग स्थित लाइब्रेरी एवं जिम सहित टावर चौराहा स्थित विनर्स कोचिंग क्लास, रेमंड शोरूम एवं अन्य दुकानों की जाँच की गई।
इसी क्रम में गीता भवन स्थित तुलसी टावर की दुकानों, टैरेस पर संचालित कैफे एवं टर्फ, नेक्सा मारुति शोरूम तथा इंडस्ट्री हाउस चौराहा स्थित महिदपुर वाला फर्नीचर एवं अन्य संस्थानों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध नहीं पाए जाने पर उन्हें सील करने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्री राकेश सस्तिया, अपर तहसीलदार श्री कमलेश कुशवाह, नायब तहसीलदार श्री धीरेश सोनी, संबंधित पटवारीगण, पुलिस विभाग के अधिकारी तथा नगर निगम के श्री गितेश तिवारी, श्री आनंद रैदास, भवन अधिकारी श्री सत्येंद्र राजपूत, सुश्री टीना सिसौदिया एवं भवन निरीक्षक श्री विनोद मिश्रा उपस्थित रहे।
इसी प्रकार कलेक्टर के निर्देशानुसार मल्हारगंज अनुभाग क्षेत्र में भी सघन जाँच अभियान चलाया गया। नवल सेक्टर-सी मल्हारगंज स्थित टूल्स प्राइवेट लिमिटेड में फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं होने के कारण प्रतिष्ठान को सील किया गया।
राज मोहल्ला, जवाहर मार्ग स्थित होटल वर्ल्ड में भी अग्नि सुरक्षा के अभाव में कार्रवाई की गई। वहीं स्कीम क्रमांक-54 स्थित सुपरनाय बिल्डिंग के बेसमेंट में स्टोर के स्थान पर संचालित अमृत भोग कैफे में अग्नि सुरक्षा प्रबंध नहीं पाए जाने पर उसे भी सील किया गया।
यह कार्रवाई मल्हारगंज तहसीलदार श्री नारायण नांदेडा, नायब तहसीलदार श्री ओंकार मनाने, भवन अधिकारी श्री सत्येंद्र राजपूत एवं भवन निरीक्षक श्रीमती टीना सिसोदिया की उपस्थिति में संपन्न हुई।
इसी तरह एसडीएम श्री अजय भूषण शुक्ल के द्वारा राजस्व अमले के साथ बिचौलीहप्सी क्षेत्रांतर्गत ग्राम उमरीखेड़ा में होटल मेगनेट में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी और लापरवाही पाई जाने के कारण होटल को सील करने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में नायब तहसीलदार श्री देवेन्द्र कछवाहा, पटवारी श्री राहुल सिंह, श्री शैलेंद्र सिंह, श्री अवनीश मिश्रा, श्री नितिन अटोड़े शामिल थे। उक्त कार्रवाई होटल मालिक गणेश राठौर की उपस्थिति में की गई।
जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

source – pro