जांगडा पोरवाल समाज की प्रतिभा

जावरा के हर्ष सेठिया ने इंग्लैंड में रचा इतिहास, 11+ परीक्षा में 4814 छात्रों में पहला स्थान
दो साल की कड़ी मेहनत रंग लाई, देश के प्रतिष्ठित ग्रामर स्कूल में मिला प्रवेश

संपादक –
बंशी लाल पोरवाल जावरा
लंदन। प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती—इस बात को जावरा के होनहार छात्र हर्ष सेठिया ने साबित कर दिखाया है। इंग्लैंड में सेकेंडरी स्कूलों में प्रवेश के लिए आयोजित प्रतिष्ठित 11+ प्रतियोगी परीक्षा में हर्ष ने 4814 विद्यार्थियों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

लंदन निवासी, जावरा मूल के गौरवचंद-भारती सेठिया के परिवार से जुड़े हर्ष, रामचंद्र और कल्पना सेठिया के पौत्र हैं। उन्होंने इस कठिन परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल कर इंग्लैंड के चुनिंदा और प्रतिष्ठित ग्रामर स्कूलों में से एक, “हर्टफोर्ड ग्रामर स्कूल” में अपना प्रवेश सुनिश्चित किया है।

बताया जाता है कि इंग्लैंड के ग्रामर स्कूल अत्यंत प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान होते हैं, जहां प्रवेश केवल 11+ परीक्षा के आधार पर ही मिलता है। यह परीक्षा विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, तार्किक सोच और शैक्षणिक योग्यता का गहन मूल्यांकन करती है। हर वर्ष हजारों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन सफलता केवल चुनिंदा प्रतिभाओं को ही मिलती है।

हर्ष ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लगातार दो वर्षों तक कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी की। उनकी यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि जावरा और उज्जैन क्षेत्र के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।

हर्ष की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है, जो बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का हौसला देती है।