ईरान ने सख्त नाराजगी जताई, हमले रोकने को कहा

तेहरान/लेबनान। अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के सीजफायर पर भले सहमति बन चुकी हो, लेकिन सीजफायर के बीच भी इजरायल के लेबनान पर ताबड़तोड़ हमले जारी हैं। अधिकारियों के मुताबिक इन हमलों में 254 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1165 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इाइल द्वारा लेबनान पर यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है। हमले में लेबनान के इमाम की भी मौत हुई है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा था कि सीजफायर में लेबनान शामिल नहीं रहेगा। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लेबनान पर हमले रोकने की चेतावनी दी है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर लेबनान पर हमले नहीं रोके गए तो ईरान सीजफायर के समझौते को रद्द कर देगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ईरान-अमेरिका युद्धविराम की शर्तें स्पष्ट हैं, अमेरिका को या तो युद्धविराम चुनना होगा या इजरायल के माध्यम से युद्ध जारी रखना होगा। वह दोनों नहीं चुन सकता।
ईरान ने होर्मुज को रोका
लेबनान पर इजरायल के ताबड़तोड़ हमले के बाद ईरान ने होर्मुज को लेकर बड़ा फैसला किया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार जवाबी कार्रवाई के तहत होर्मुज स्ट्रेट से तेल टैंकरों के गुजरने पर रोक लगा दी है।
जहाज उड़ा दिए जाएंगे
कई शिपिंग सोर्स के मुताबिक, ईरानी नेवी ने तेहरान की इजाजत के बिना होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को तबाह करने की धमकी दी है। मैसेज में कहा गया, समुद्र में जाने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को टारगेट करके तबाह कर दिया जाएगा।
source – agency
