रूह कंपा देने वाली घटना, 13 लोगों की मौके पर ही मौत

bus accident in bihar

bus accident in bihar
bus accident in biharbus accident in bihar

कटिहार । बिहार के कटिहार जिले में शनिवार की शाम एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां नेशनल हाईवे-31 पर कोढ़ा ब्लॉक के समीप एक अनियंत्रित बस ने भारी तबाही मचाई। इस भीषण दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 27 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में 10 महिलाएं और एक मासूम बच्ची शामिल है। बताया जा रहा है कि मरने वालों में 5 लोग एक ही परिवार के थे। मृतकों में से अधिकांश पूर्णिया जिले के निवासी थे, जो झारखंड के कठिया मेला धाम से दर्शन कर पिकअप से अपने घर लौट रहे थे।

चश्मदीदों के अनुसार, तबाही का यह मंजर महज 50 सेकंड के भीतर घटित हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बस का ड्राइवर शराब के नशे में धुत था और गाड़ी की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे से भी अधिक थी। पिकअप से टकराने से ठीक पहले तेज रफ्तार बस ने एक बाइक को रौंदा, जिससे उस पर सवार पिता-पुत्र की तत्काल मौत हो गई। इसके बाद बस ने सामने से आ रही पिकअप को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज इतनी भीषण थी कि स्थानीय लोगों को लगा जैसे कोई बम फटा हो।bus accident in bihar

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि जिस बस (बीआर 34जी0110) ने इस हादसे को अंजाम दिया, वह पिछले 5 वर्षों से अनफिट थी। बस का फिटनेस सर्टिफिकेट, बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र साल 2021 में ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद यह मौत की बस बेखौफ होकर सड़क पर दौड़ रही थी। हादसे के बाद सड़क पर लाशों का ढेर लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने क्रेन की मदद से बस की बॉडी को काटकर फंसे हुए शवों और घायलों को बाहर निकाला।प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी और एसपी शिखर चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, मुख्यमंत्री ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वर्तमान में सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जिनमें से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

Source – EMS