जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज के लिए सजाया जा रहा “स्वर्ण रथ”
नरसिंह जयंती पर 21 विद्वान करेंगे पंचामृत से महाभिषेक

छत्रीबाग स्थित लक्ष्मी नरसिंह मंदिर से शुक्रवार को सुबह निकलेगी भव्य शोभायात्रा, 30 स्वागत मंचों से होगी पुष्प वर्षा
इंदौर श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर द्वारा भगवान नरसिंहदेव के पावन प्राकट्य उत्सव के उपलक्ष्य में 29-30 अप्रैल को आयोजित महोत्सव का शुभारंभ 29 अप्रैल को सुबह 8 बजे से 21 विद्वानों द्वारा पोरवाल समाज के हजारों समाज बंधुओं की मौजूदगी में पंचामृत से भगवान नरसिंह के महाभिषेक के साथ होगा। अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आचार्य जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज के सानिध्य में गुरुवार 30 अप्रैल को सुबह 7 बजे से छत्रीबाग स्थित नरसिंह मंदिर से निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा के लिए विशेष “स्वर्ण रथ” श्रृंगारित किया जा रहा है जिसमें विराजित होकर स्वामी रामदयाल महाराज समाज बंधुओं को आशीष प्रदान करेंगे। मंदिर पर महाभिषेक, महाआरती एवं महाप्रसादी सहित विभिन्न अनुष्ठानों की तैयारियां भी युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।
श्री जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा इंदौर की उत्सव समिति के अरुण पोरवाल ने बताया कि श्रीलक्ष्मी नरसिंह मंदिर छत्रीबाग पर 5 किस्म के दो क्विंटल फूलों से भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। सभा के अध्यक्ष रामदयाल फरकिया एवं समाजसेवी जगदीश कन्हैयालाल गुप्ता खेजडियावाला के मार्गदर्शन में मुनमुन रत्नावत, प्रियंका गुप्ता, देवेन्द्र अंगूठी, गोविन्द गुप्ता, संतोष मेहता, बलराम गुप्ता, मोहन धनोतिया सहित समाज के सेवाभावी बंधुओं की बैठक में महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस अवसर पर जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा के तत्वावधान में एक अन्य रथ की तैयारी भी की जा रही है जिसपर भगवान लक्ष्मी नरसिंह विराजित होंगे और इस रथ को समाज के युवा और महिलाऐं अपने हाथों से रस्सी की मदद से खींचते हुए चलेंगे।
शोभायात्रा छत्रीबाग मंदिर से राजस्व ग्राम, सेवालय हॉस्पिटल, नरसिंह बाजार, सांठा बाजार, बजाज खाना चौक, मारोठिया बाजार से पुनः नरसिंह मंदिर छत्रीबाग पहुंचेगी। बैठक में कृष्णकांत मजावदिया, श्याम राणापुर, कमल घरिया आदि ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। यात्रा मार्ग पर 30 से अधिक मंचों से भगवान पर पुष्प वर्षा कर जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज की जगह-जगह अगवानी की जाएगी। समाज के संगठनों के अलावा अन्य समाज के लोग भी जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर पोरवाल समाज के इस उत्सव में भागीदार बनेंगे। शोभायात्रा में शामिल पुरुष श्वेत एवं महिलाऐं केसरिया परिधान में शामिल होंगे। महोत्सव के पूर्व उत्सव समिति एवं जांगड़ा पोरवाल पंचायती सभा की नियमित बैठकों का सिलसिला जारी है।
संलग्न चित्र : श्री जांगड़ा पोरवाल……छत्रीबाग स्थित लक्ष्मी नरसिंह मंदिर में विराजित भगवान नरसिंह की प्रतिमा। दूसरे चित्र में श्री जांगड़ा पोरवाल……जगदगुरु रामदयाल महाराज के लिए तैयार किया जा रहा स्वर्ण रथ।