साहूपारा में देर रात सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड

triple murder in raipur chhattisgarh
triple murder in raipur chhattisgarh

रायपुर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के डुमरतराई स्थित साहूपारा में देर रात सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। माना थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी और दो नाबालिग बच्चों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर आत्महत्या की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, बालोद निवासी भुनेश्वर साहू साहूपारा में परिवार के साथ किराए के मकान में रहता था। देर रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी खिलेश्वरी साहू पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने अपने दोनों बच्चों आशीष साहू (10) और ज्ञान साहू (8) पर भी वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी और दोनों बच्चों पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर चाकू से वार कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उपचार के लिए अंबेडकर अस्पताल भेजा। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। triple murder in raipur chhattisgarh

पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेज दिया है। घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों और पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है।
जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किन परिस्थितियों में आरोपी ने पत्नी और बच्चों पर हमला किया। पुलिस चरित्र पर संदेह समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Source – EMS