एआईसीटीएसएल जल्द ही बनाएगा मांगलिया में 5 बस स्टापेज

इंदौर। वर्ष 2028 के तीसरे माह में उज्जैन में सिंहस्थ महाकुंभ का आयोजन होगा। इसमें इंदौर और उसके आसपास के लाखों लोग पहुंचेंगे। लोगों की आवाजाही में सुगमता रहे, जाम में नहीं फंसे, वाहनों का एक ही मार्ग पर अत्यधिक दबाव नहीं रहे, इसके लिए शहर और जिले में करोड़ों के काम हो रहे हैं।
इसी क्रम में मांगलिया और उसके आसपास के गांवों के लोगों को सांवेर उज्जैन जाने में आसानी रहे, इसलिए यहां 5 बस स्टापेज बनाए जाना प्रस्तावित है। बस स्टापेज के बाद बसों की संख्या में भी अतिरिक्त बढ़ोतरी की जाएगी। वर्तमान में मांगलिया से सांवेर के लिए तीन बसें दौड़ रही है। सिंहस्थ में इनकी संख्या दो से तीन गुना तक हो सकती है।AICTSL
Also Read – रिक्शा चालकों पर अब एफआईआर कराएगी ट्रैफिक पुलिस
शहरी क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने शासन और प्रशासन बाहरी क्षेत्रों में करोड़ों के विकास कार्य करा रहा है, ताकि आवाजाही में सुगमता बनी रही। इसी क्रम में मांगलिया से सांवेर को जोडऩे वाले मार्ग पर कई काम किए जाएंगे। इससे मांगलिया, पंचवटी, सिंगापुर टाउनशिप, डकाच्या सहित आसपास के लोगों को मांगलिया से सांवेर होते हुए उज्जैन जाने में सुगमता रहेगी। मांगलिया में रेलवे गेट पर ओवरब्रिज का काम तेजी से किया जा रहा है। करीब 15 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 5 बस स्टापेजों, एसटी प्लांट, फायर स्टेशन, अस्थाई छोटे लोकसेवा वाहनों के पार्किंग निर्माण जैसे कई काम किए जाएंगे।
वर्तमान में इस रुट पर दो सिटी बसें रेलवे स्टेशन से मांगलिया होते हुए सांवेर तक चल रही है। सिंहस्थ में यहां बसों की संख्या भी बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। बस स्टापेजों के लिए अगले कुछ दिनों में जगह का चयन किया जाएगा। उचित जगह मिलने के बाद स्थाई बस स्टापेजों को बनाएंगे। चूंकि, सिंहस्थ गर्मी के दिनों में आयोजित होगा, इसलिए स्टापेजों के आसपास प्याऊ का निर्माण भी होगा।
